LIVE UPDATE
झमाझम खबरें

कोटमी कला में प्रस्तावित नई शराब भट्टी का विरोध तेज, युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

कोटमी कला में प्रस्तावित नई शराब भट्टी का विरोध तेज, युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोटमी कला में नई शराब भट्टी खोलने के सरकारी प्रस्ताव को लेकर क्षेत्र में विरोध के स्वर मुखर हो गए हैं। इस मुद्दे पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमन शर्मा ने जिला कलेक्टर एवं जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित निविदा को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कोटमी कला एक शांत, ग्रामीण एवं सामाजिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र है, जहाँ अब तक आपसी सद्भाव और सामुदायिक एकजुटता बनी हुई है। ऐसे क्षेत्र में शराब भट्टी खोले जाने से सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। युवा कांग्रेस का आरोप है कि शराब दुकान खुलने से अपराधों में वृद्धि, घरेलू हिंसा के मामलों में इजाफा और युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ने की आशंका है।
अमन शर्मा ने शासन-प्रशासन की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से बेहतर सड़कों, सुसज्जित अस्पताल, उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज तथा रोजगार के अवसरों की मांग कर रही है। इसके विपरीत प्रशासन राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से शराब भट्टी खोलने की तैयारी में जुटा है, जो ग्रामीण विकास की भावना के विपरीत है।
उन्होंने कहा, “प्रशासन का ध्यान विकासोन्मुख कार्यों पर होना चाहिए, न कि ऐसी योजनाओं पर जो युवाओं को नशे की गर्त में धकेलें। कोटमी कला के युवाओं को किताबों और रोजगार की आवश्यकता है, बोतलों की नहीं।”
ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्तावित निविदा को निरस्त नहीं करता और क्षेत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्राथमिकता से कार्य प्रारंभ नहीं किया जाता, तो ग्रामवासी एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे। आवश्यकता पड़ने पर सड़कों पर उतरकर उग्र विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन कोटमी कला में शराब भट्टी खोलने के प्रस्ताव ने क्षेत्रीय राजनीति और सामाजिक विमर्श को गर्मा दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए क्या निर्णय लेता है।

Back to top button
error: Content is protected !!