कोरबा जिले की पांचों ब्लॉकों की बैठक सम्पन्न प्रकाश चंद जाखड़ बने जिलाध्यक्ष, दिलहरण कश्यप को मिली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी,

मिथलेश आयम, कोरबा(खबरो का राजा) :- जिले के पाँचों जनपद कोरबा, कटघोरा, करतला, पाली और पोड़ी-उपरोड़ा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को कटघोरा स्थित होटल गगन में सम्पन्न हुई। इस बैठक में सर्वसम्मति से संघ का जिला स्तरीय गठन किया गया। बैठक में पोड़ी उपरोड़ा जनपद के उपाध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़ को जिलाध्यक्ष और पाली जनपद के उपाध्यक्ष दिलहरण कश्यप को जिलाउपाध्यक्ष के रूप में चुना गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ जनपद प्रतिनिधियों द्वारा की गई, जिसमें जिले के सभी ब्लॉकों से आए जनपद पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित सभी जनपद अध्यक्षों और उपाध्यक्षों ने नवगठित जिला नेतृत्व को बधाई दी और उम्मीद जताई कि संघ उनके नेतृत्व में और अधिक मजबूत तथा सक्रिय भूमिका निभाएगा। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़ ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए जनता और जनप्रतिनिधियों के विश्वास का प्रतीक है। वे इस पद को सेवा के रूप में निभाएंगे और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। वहीं, जिलाउपाध्यक्ष दिलहरण कश्यप ने कहा कि संघ अब जनपद स्तर पर जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की रक्षा और विकास कार्यों की गति बढ़ाने के लिए एक सशक्त मंच के रूप में कार्य करेगा। बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित प्रतिनिधियों में माधुरी देवी तवर (जनपद अध्यक्ष पोड़ी उपरोड़ा), पूर्णिमा सोभा जगत (जनपद अध्यक्ष पाली), झूल बाई गोविंद सिंह कंवर (जनपद अध्यक्ष कटघोरा), ममता दामोदर राठौर (जनपद उपाध्यक्ष कटघोरा), बीजमति राठिया (जनपद अध्यक्ष कोरबा), कौशिल्या कंवर (जनपद उपाध्यक्ष कोरबा), अशोका बाई (जनपद अध्यक्ष करतला) के साथ जनपद सदस्य आयुष सिंह, पूर्व जनपद सदस्य विजय दुबे, प्रतिनिधि लक्ष्मण डिक्सेना एवं जेपी सिंह तवर (पोड़ी उपरोड़ा जनपद अध्यक्ष पति) शामिल रहे। बैठक के दौरान संघ की भावी कार्ययोजना, जनपद स्तर पर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने संगठन की एकता और सहयोग की भावना को सर्वोपरि मानते हुए संघ को जिले में एक सशक्त और प्रभावी मंच बनाने का संकल्प लिया। बैठक का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जहाँ उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा “एकता में शक्ति है, और यही शक्ति जनपद स्तर के विकास की कुंजी बनेगी।”





