
कार्य मंत्रणा समिति की बैठक सम्पन्न, सत्र की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा
रायपुर, 23 फरवरी 2026।डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में आज छत्तीसगढ़ विधानसभा के समिति कक्ष में कार्य मंत्रणा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की कार्यवाही, कार्यसूची निर्धारण तथा विभिन्न शासकीय विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में विष्णु देव साय, डॉ. चरणदास महंत, अरुण साव, केदार कश्यप, ओ. पी. चौधरी, रामविचार नेताम, विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह तथा अजय चंद्राकर सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रश्नकाल, शून्यकाल, शासकीय विधेयकों की प्रस्तुति एवं विभिन्न विभागीय विषयों पर चर्चा के लिए समय निर्धारण को लेकर सहमति बनाई गई। सदन की कार्यवाही को सुचारू एवं प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए जनहित के मुद्दों पर सार्थक एवं गंभीर चर्चा सुनिश्चित की जाएगी।
यह बैठक आगामी विधानसभा सत्र की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें प्रदेश के विकास, बजट प्रावधानों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श होने की संभावना है।















