स्कूल में धारदार चापड़ लहराकर शिक्षकों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

मिथलेश आयम, की रिपोर्ट, बिलासपुर/बेलगहना। शासकीय प्राथमिक शाला ढोलमौहा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक हाथ में धारदार तलवारनुमा चापड़ लेकर स्कूल परिसर में घुस गया। आरोपी शिक्षकों और बच्चों को डरा-धमका रहा था। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को मौके से ही धर दबोचा। मामला गैर-जमानती होने के कारण आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर तत्काल एक्शन :-

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, २७ जून २०२६ को बेलगहना चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ढोलमौहा निवासी शिवरतन दास मानिकपुरी हाथ में घातक हथियार लहराते हुए शासकीय प्राथमिक शाला में तांडव मचा रहा है। सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना सिंह और कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के दिशा-निर्देश पर बेलगहना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सूझबूझ से घेराबंदी कर आरोपी शिवरतन दास को हथियार समेत हिरासत में ले लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज :-

जब्ती और कार्रवाई: पुलिस ने गवाहों के समक्ष आरोपी के कब्जे से खतरनाक तलवारनुमा चापड़ को जब्त कर लिया है। आरोपी का यह कृत्य धारा २५, २७ आर्म्स एक्ट के तहत दंडनीय होने के कारण उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। अपराध गैर-जमानती होने के चलते आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका :-
इस त्वरित और सुरक्षात्मक कार्रवाई में बेलगहना चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बी.एन. बनाफर, सहायक उप निरीक्षक (ASI) भरतलाल राठौर, प्रधान आरक्षक राधेश्याम मरावी और आरक्षक संजय कश्यप की विशेष व सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस तत्परता से स्कूल में कोई बड़ी अनहोनी टल गई।
















