
दानीकुंडी में जनजातीय गौरव दिवस की धूम, भगवान बिरसा मुंडा के शौर्य और बलिदान को किया नमन, प्रतिभावान जनजातीय बच्चों का मेडल पहनाकर किया गया सम्मान,
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को मरवाही विकासखंड के ग्राम दानीकुंडी स्थित क्रिकेट मैदान में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस एवं शहीद वीर नारायण सिंह लोककला महोत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। पूरा समारोह जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित रहा। कार्यक्रम में जहां भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस और बलिदान को याद किया गया, वहीं पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जनजातीय विरासत की जीवंत तस्वीर पेश की।




समारोह के मुख्य अतिथि मरवाही विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री प्रणव कुमार मरपच्ची रहे। कार्यक्रम में जिले के 17 जनजातीय समूहों के प्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में जिलेवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। गोंड, पाव, भरिया, बैगा, अगरिया, भैना, पठारी, उरांव, कोल, पंडो, धनुवार, कंवर, तंवर, ढुलिया, सौंता एवं कोरवा सहित विभिन्न जनजातीय समुदायों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष पहचान दी।


कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। अतिथियों और समाज प्रमुखों का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के अनुसार सिर पर साफा बांधकर तथा मोरपंख की कलगी लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक परिवेश ने समारोह को जनजातीय गौरव एवं अस्मिता के उत्सव में बदल दिया।
भगवान बिरसा मुंडा ने अन्याय और शोषण के खिलाफ जगाई थी संघर्ष की अलख: विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची
मुख्य अतिथि विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने बेहद कम उम्र में अंग्रेजी शासन के अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका था। महज 25 वर्ष की आयु में उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर स्वतंत्रता, स्वाभिमान और अधिकारों के लिए ऐसी ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी, जिसकी गूंज आज भी देशवासियों को प्रेरित करती है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अस्मिता और अधिकारों के प्रतीक हैं। उन्होंने समाज को नई दिशा देने के साथ पूरे देश में स्वतंत्रता और स्वाभिमान की चेतना जगाई। उनका जीवन संघर्ष, त्याग, साहस और समाज के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। यही वजह है कि आज भी जनजातीय समाज उन्हें भगवान के रूप में पूजता है।विधायक श्री मरपच्ची ने वीरांगना रानी दुर्गावती और शहीद वीर नारायण सिंह सहित देश के महान जनजातीय नायकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि इन महापुरुषों और वीरांगनाओं का संघर्ष एवं बलिदान हमारी अमूल्य ऐतिहासिक विरासत है। आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास और जीवन स्तर में सुधार के लिए मिशन मोड में कार्य किए जा रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य जनजातीय परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने समाज के लोगों से शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के साथ अपनी गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और पहचान को संरक्षित रखने का आह्वान किया।
17 जनजातीय समूह जिले की सांस्कृतिक पहचान और गौरव: कलेक्टर विजय दयाराम के.
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला जनजातीय संस्कृति और विविध परंपराओं की दृष्टि से समृद्ध है। जिले में 17 जनजातीय समूह निवास करते हैं, जिनकी अपनी विशिष्ट जीवनशैली, रहन-सहन, लोककला, खान-पान और परंपराएं हैं। यह सांस्कृतिक विविधता न केवल जिले, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन जनजातीय समाज की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और परंपराओं के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से किया गया है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और समाजसेवा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। कलेक्टर ने जनजातीय समाज के लोगों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए विकास के नए अवसरों से जुड़ना समय की आवश्यकता है।इस अवसर पर आदिवासी समाज के प्रमुख श्री ओंकार सिंह ओट्टी ने भी प्रेरणादायी संबोधन दिया। उन्होंने जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, सामाजिक एकता और महापुरुषों के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
लोकनृत्य और लोकगीतों ने बांधा समां, पारंपरिक प्रस्तुतियों से झलकी जनजातीय संस्कृति
जनजातीय गौरव दिवस समारोह का सबसे आकर्षक पक्ष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। सुप्रसिद्ध लमना लोककला दल, बारीउमराव सहित स्थानीय लोक कलाकारों एवं छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, लोकगीत और जनजातीय संगीत के माध्यम से आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया गया।कलाकारों की प्रस्तुतियों में जनजातीय जीवनशैली, सामाजिक परंपराओं और प्रकृति से जुड़ी संस्कृति की झलक देखने को मिली। पारंपरिक धुनों और मनमोहक नृत्यों ने समारोह में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन स्थल पर पूरे समय उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
विभागीय स्टॉलों में दिखी योजनाओं की जानकारी और जनजातीय जीवनशैली की झलक
समारोह स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी एवं जानकारीपरक स्टॉल लगाए गए। आदिवासी विकास विभाग ने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत संचालित गतिविधियों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। इसके साथ ही जनजातीय समाज के पारंपरिक परिधान, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी सामग्री भी प्रदर्शित की गई।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, लघु वनोपज संघ और पोषण आहार से संबंधित गतिविधियों एवं उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीण आजीविका, स्थानीय उत्पादों और शासन की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई।
वहीं स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष्मान योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। जरूरतमंद लोगों को चश्मे और छड़ियां भी प्रदान की गईं। मुख्य अतिथि विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों से योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
प्रतिभावान जनजातीय बच्चों को मेडल पहनाकर किया सम्मानित
समारोह के दौरान जनजातीय वर्ग के प्रतिभावान बच्चों को उनकी शैक्षणिक एवं अन्य उपलब्धियों के लिए मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए समाज नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।बच्चों को आगे भी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।
जनजातीय गौरव, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश देकर संपन्न हुआ आयोजन
दानीकुंडी में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस एवं शहीद वीर नारायण सिंह लोककला महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देने का संदेश भी दिया। भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और आदर्शों को याद करते हुए समाज की नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम में विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुख, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, स्थानीय लोक कलाकार एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे। पारंपरिक स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विभागीय प्रदर्शनी और प्रतिभाओं के सम्मान के साथ समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।















