
रूस से MBBS कर लौटीं डॉ. नंदिता राठौर ने FMGE परीक्षा में लहराया सफलता का परचम, 300 में से हासिल किए 166 अंक
साधवानी की बेटी की उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर, चिकित्सा के क्षेत्र में बढ़ाया जिले का मान

जीपीएम, गौरेला,प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर साधवानी की होनहार बेटी डॉ. नंदिता राठौर ने विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट परीक्षा (FMGE) अक्टूबर 2026 में शानदार सफलता हासिल कर परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। रूस से MBBS की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने FMGE परीक्षा में 300 में से 166 अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया है।


डॉ. नंदिता राठौर ने रूस के प्रतिष्ठित North Ossetian State Medical Academy से MBBS की पढ़ाई पूरी की। विदेश में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के बाद भारत में चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आयोजित महत्वपूर्ण FMGE परीक्षा में सफलता हासिल करना उनकी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
डॉ. नंदिता जीपीएम जिले के साधवानी निवासी लखन राठौर की पोती तथा नारायण राठौर एवं साधना राठौर की सुपुत्री हैं। वहीं उनके बड़े पिता विजय राठौर कृषक हैं। परिवार की बेटी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से घर-परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है।

परिजनों और शुभचिंतकों ने डॉ. नंदिता को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि वह भविष्य में चिकित्सा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी तथा अपनी सेवाओं के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद कर समाज और देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
डॉ. नंदिता की यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी उपलब्धि ने साबित किया है कि मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।















