
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध उत्खनन करते 1 जेसीबी और 3 ट्रैक्टर जब्त
कोटमी में मुरुम के अवैध उत्खनन और मरवाही में रेत के अवैध परिवहन पर कार्रवाई, वाहन मालिकों पर होगी कानूनी कार्रवाई

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में मुरुम एवं रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत के आधार पर विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर एक जेसीबी और तीन ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के. निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन और परिवहन के मामलों पर लगातार निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोटमी क्षेत्र में मुरुम का अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर पकड़े गए। तीनों वाहनों को जब्त कर कोटमी पुलिस चौकी में सुरक्षित रखा गया है।
वहीं, मरवाही क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। उक्त वाहन को मरवाही थाना परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया है। खनिज विभाग के अनुसार, जब्त वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(5) एवं 23(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच कर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई में ये अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल

इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, खनि सिपाही शिवकुमार लहरे, ओटी छवि सिंह एवं नगर सैनिक शिवनाथ सिंह शामिल रहे। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।















