कोरिया में ACB की बड़ी कार्रवाई बचरापोड़ी चौकी प्रभारी 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ASI भी दबोचा गया

कोरिया में ACB की बड़ी कार्रवाई बचरापोड़ी चौकी प्रभारी 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ASI भी दबोचा गया
रायपुर, 24 फरवरी 2026।राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की सरगुजा टीम ने कोरिया जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बचरापोड़ी पुलिस चौकी में पदस्थ चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ और सहायक उपनिरीक्षक (ASI) गुरु प्रसाद यादव को रिश्वत प्रकरण में गिरफ्तार किया है। एसीबी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाए चौकी प्रभारी
एसीबी के प्रेस नोट के अनुसार, चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार रकम लेकर चौकी पहुंचा था। जैसे ही राशि सौंपी गई, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की गई और रिश्वत की राशि जब्त की गई।
ASI को घर से किया गिरफ्तार
ट्रैप कार्रवाई के कुछ ही समय बाद एसीबी टीम ने पूर्व में उसी चौकी में पदस्थ रहे एएसआई गुरु प्रसाद यादव को उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि प्रारंभिक रूप से रिश्वत की मांग एएसआई द्वारा ही की गई थी।
पहले 50 हजार की मांग, फिर 25 हजार पर सौदा
जानकारी के अनुसार, 21 फरवरी को एएसआई गुरु प्रसाद यादव ने एक मर्ग प्रकरण में कार्रवाई को प्रभावित करने के नाम पर 50 हजार रुपए की मांग की थी। इसी बीच उनका तबादला हो गया।इसके बाद 23 फरवरी को चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर 24 फरवरी को 25 हजार रुपए लेकर चौकी में उपस्थित होने के लिए कहा।
शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी, जिसके बाद सरगुजा टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
मर्ग जांच के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत
मामला बचरापोड़ी निवासी सत्येंद्र कुमार प्रजापति से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, उनके घर निर्माण कार्य के दौरान मजदूर मोहित घसिया ईंट बनाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खोदे गए गड्ढे में पानी भर जाने से मजदूर के बेटे की डूबने से मौत हो गई थी।घटना के बाद दर्ज मर्ग प्रकरण की जांच के दौरान एएसआई गुरु प्रसाद यादव ने कथित रूप से जांच प्रभावित करने के नाम पर 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद पूरी योजना के तहत कार्रवाई की गई।
आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।













