रतनपुर में भू-माफिया सा खेल: सागौन-साल के पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी, नेशनल हाईवे में खपाई जा रही सरकारी मिट्टी

जीशान अंसारी, बिलासपुर : जिले के रतनपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी में शासकीय भूमि पर अवैध गतिविधियों का गंभीर मामला सामने आया है। पंचायत के कोटवार पर सरकारी जमीन में लगे सागौन, साल और महुआ जैसे बहुमूल्य वृक्षों की अवैध कटाई कर उन्हें बेचने का आरोप है। साथ ही जेसीबी मशीन की मदद से मिट्टी निकालकर बिक्री किए जाने की भी शिकायत ग्रामीणों द्वारा की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस भूमि का उपयोग शासकीय कार्यों के लिए प्रस्तावित था, वहां पहले बड़ी संख्या में पुराने और कीमती पेड़ मौजूद थे। हाल के दिनों में इन पेड़ों को मशीनों के माध्यम से काटकर हटाया गया। मौके पर अब भी कई पेड़ों के ठूंठ मौजूद हैं, जबकि कुछ वृक्षों को जड़ से उखाड़कर भूमि को समतल कर दिया गया है, जिससे अवैध कटाई की पुष्टि होती है।
मामला तब और गंभीर हो गया जब यह जानकारी सामने आई कि उक्त भूमि से निकाली गई मिट्टी को नेशनल हाईवे निर्माण कार्य में खपाया जा रहा है। इससे न केवल सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग हुआ है, बल्कि शासन को आर्थिक क्षति और पर्यावरणीय नुकसान भी पहुंचा है।
सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि भूमि के बीच से गुजर रहे बिजली पोल के आसपास की मिट्टी भी खोद दी गई है, जिससे पोल की नींव कमजोर हो गई है। इससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है, जो जनहानि का कारण बन सकती है।
ग्रामीणों में इस पूरे मामले को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई, अवैध गतिविधियों से हुए नुकसान की भरपाई तथा शासकीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। यह मामला अब प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सरकारी जमीन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।













