गौरेला पेंड्रा मरवाही में उज्ज्वला योजना पर सवाल: कनेक्शन जारी होने के बाद भी लाभार्थी को नहीं मिला गैस, सियाराम गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप

नाम गरीब का, गैस किसी और की उज्ज्वला योजना में बड़ा सवाल
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में एक गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है, जहां लाभार्थी को गैस कनेक्शन मिलने के बावजूद उसका वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा। मामला गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला का है, जहां ग्राम बंधी निवासी रश्मि केवट ने सियाराम गैस एजेंसी पर सीधे तौर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने उज्ज्वला योजना के तहत आवेदन किया, ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करवाई और उनका गैस कनेक्शन भी जारी कर दिया गया। लेकिन इसके बाद जो सामने आया, उसने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि कनेक्शन जारी होने के बावजूद एजेंसी ने उन्हें गैस सिलेंडर नहीं दिया, जबकि उसी कनेक्शन पर लगातार बुकिंग हो रही है और सिलेंडर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उठाया जा रहा है। रश्मि केवट का कहना है कि उनके मोबाइल नंबर पर गैस बुकिंग के मैसेज लगातार आ रहे हैं, जिससे साफ है कि कनेक्शन सक्रिय है। बावजूद इसके, उन्हें न तो सिलेंडर मिला और न ही उपभोक्ता कार्ड उपलब्ध कराया गया। अब बड़ा सवाल आखिर किसके संरक्षण में चल रहा है यह खेल? क्या एजेंसी ने लाभार्थी के नाम पर कनेक्शन जारी कर उसे किसी और को सौंप दिया?यह मामला सीधे तौर पर सियाराम गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल योजना के नियमों का उल्लंघन है, बल्कि गरीब हितग्राहियों के अधिकारों के साथ सीधा खिलवाड़ भी है। पीड़िता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, कनेक्शन का वास्तविक उपयोगकर्ता कौन है यह पता लगाया जाए और दोषी पाए जाने पर एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अब नजर प्रशासन पर है क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या फिर उज्ज्वला योजना में ऐसे ही फर्जीवाड़े चलते रहेंगे।
















