ग्राम स्तर पर निगरानी तंत्र मजबूत करने पसान थाना प्रभारी लिए बैठक
मिथलेश आयम की रिपोर्ट, कोरबा (पसान):- थाना पसान, जिला कोरबा क्षेत्र अंतर्गत कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से आज थाना परिसर में समस्त ग्राम कोटवारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में ग्राम स्तर पर होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, अपराध की पूर्व सूचना, असामाजिक तत्वों की पहचान तथा समय पर सूचना संप्रेषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कोटवारों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने ग्रामों में अजनबी व्यक्तियों की आवाजाही, चोरी, अवैध शराब, जुआ-सट्टा, नशा, घरेलू विवाद, भूमि विवाद एवं अन्य किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें तथा ऐसी किसी भी जानकारी को तत्काल थाना स्तर पर सूचित करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बैठक के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि ग्राम कोटवार पुलिस एवं आम जनता के बीच एक सशक्त कड़ी हैं, और उनकी सक्रिय सहभागिता से ही अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था को प्रभावी रूप से बनाए रखा जा सकता है। कोटवारों से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सजग, सतर्क एवं संवेदनशील रहने हेतु प्रेरित किया गया।
थाना पसान द्वारा ग्रामवासियों से भी अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना निर्भीक होकर पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की बैठकें भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेंगी, जिससे जनसहयोग के माध्यम से अपराध नियंत्रण की व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।
उक्त बैठक में समस्त ग्राम कोटवारों के साथ थाना स्टाफ प्रभारी एएसआई राकेश सिंह, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र राय, कुरसा मिंज तथा आरक्षक राहुल बघेल, विनोद कंवर, विष्णु पाटले, रतन राठौर, डोमन मधुकर एवं विकास जांगड़े उपस्थित रहे।





