अज्ञात महिला का शव मिलने से पसान क्षेत्र में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा / पसान : कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पसान के बालमपुर इलाके में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। शव बड़खा भर्रा सुखरी तालाब के पास देखा गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पसान पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई करते हुए आगे की जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
मृत महिला की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस हत्या, दुर्घटना अथवा अन्य कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पसान थाना प्रभारी के अनुसार, महिला की पहचान के लिए आसपास के गांवों और क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, ग्रामीण इलाकों में सूचना भेजी जा रही है ताकि जल्द से जल्द मृतका की शिनाख्त हो सके।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी इस महिला के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो या उसकी पहचान हो रही हो, तो तुरंत थाना पसान से संपर्क करें। इसके लिए पुलिस द्वारा मोबाइल नंबर 7987396860 जारी किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा और महिला की पहचान होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।













