
स्कूल में शराब के नशे में पहुंचे शिक्षक! नौनिहालों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल, सरपंच ने खोला मोर्चा
देवरीकला प्राथमिक शाला का मामला गरमाया, शिक्षक स्वरूप सिंह मेश्राम पर लगे गंभीर आरोप; जिला शिक्षा अधिकारी ने बीईओ पेंड्रा को सौंपी जांच की जिम्मेदारी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिस शिक्षक के कंधों पर बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है, यदि उसी शिक्षक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने के आरोप लगें, तो शिक्षा व्यवस्था की साख पर सवाल उठना स्वाभाविक है। पेंड्रा विकासखंड के देवरीकला प्राथमिक शाला से सामने आए इस मामले ने शिक्षा विभाग में हलचल मचा दी है।

यहां पदस्थ शिक्षक स्वरूप सिंह मेश्राम पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर ग्राम पंचायत के सरपंच ने लिखित शिकायत करते हुए संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सवाल सिर्फ एक शिक्षक पर लगे आरोपों का नहीं, बल्कि उन मासूम बच्चों की सुरक्षा और भविष्य का भी है, जो स्कूल में पढ़ने आते हैं।
सरपंच की शिकायत के बाद मामला जिला शिक्षा अधिकारी तक पहुंचा। जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी पेंड्रा को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बीईओ पेंड्रा को जांच के लिए कहा गया है।

अब शिक्षा विभाग से सीधे सवाल—
क्या स्कूल जैसे जिम्मेदार संस्थान में इस तरह के आरोपों को हल्के में लिया जाएगा?

क्या बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था की जवाबदेही तय होगी?
क्या जांच केवल कागजों तक सीमित रहेगी या आरोप सही पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ ठोस कार्रवाई भी होगी?
फिलहाल जांच की जिम्मेदारी बीईओ पेंड्रा को सौंपी गई है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और शिक्षा विभाग बच्चों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है।















