
सोनमणि बोरा ने संभाला प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का कार्यभार
रायपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी श्री सोनमणि बोरा (भा.प्र.से.-1999) ने बुधवार को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन का कार्यभार ग्रहण किया। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत उन्हें इस पद पर पदस्थ किया गया है।श्री बोरा इससे पहले प्रमुख सचिव, आदिम जाति विकास विभाग, अनुसूचित जाति विकास विभाग तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का दायित्व संभाल रहे थे। इसके साथ ही वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री बोरा ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों और विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। इस अवसर पर विभाग के संचालक श्री रिमिजियुस एक्का, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमीत अग्रवाल, उप सचिव श्री भागवत जायसवाल, अपर संचालक श्री पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता श्री राजेश शर्मा, संयुक्त संचालक श्री मिथिलेश अवस्थी, उप संचालक श्री अरुण साहू, सूडा के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील अग्रहरि तथा अधीक्षण अभियंता श्री रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और विभागीय गतिविधियों से अवगत कराया।

रायपुर के नगरीय विकास में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
उल्लेखनीय है कि श्री सोनमणि बोरा का नगरीय प्रशासन एवं विकास के क्षेत्र में लंबा प्रशासनिक अनुभव रहा है। राज्य गठन के बाद रायपुर को राजधानी के रूप में विकसित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे रायपुर नगर पालिक निगम, आरडीए और बीडीए के आयुक्त एवं सीईओ के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।उनके प्रशासनिक कार्यकाल में रायपुर सहित बिलासपुर तथा कवर्धा, जांजगीर-चांपा और मुंगेली जैसे जिलों के विकास से जुड़े कार्यों को गति मिली। रायपुर में सफाई मित्र योजना, बूढ़ातालाब सहित अन्य तालाबों के संवर्धन, विकास एवं पुनरोद्धार तथा महादेव घाट में मूर्ति विसर्जन के लिए स्थान निर्धारित कर कार्य प्रारंभ कराने जैसे कार्य उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहे।इसके अलावा नगरीय क्षेत्रों के विद्यालयों का कायाकल्प, रायपुर नगर निगम में जन्म एवं मृत्यु पंजीयन को ऑनलाइन करना, लेखा संबंधी कार्यों को मैनुअल व्यवस्था से सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली में लाना तथा संचालन-संधारण (ओ एंड एम) कार्यों को प्रिवेंटिव कार्यों के रूप में शामिल कराने जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी किए गए।

जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग नगरीय निकायों के माध्यम से नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के संचालन और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री बोरा ने अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि जनता से जुड़े विभागीय कार्यक्रमों तथा नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनके कार्यभार संभालने से नगरीय विकास से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा विभागीय योजनाओं के बेहतर समन्वय को गति मिलने की उम्मीद है।















