मेडिकल कैशलेस योजना लागू होने पर कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का किया अभिनंदन, भिलाई समारोह के लिए दिया निमंत्रण

मेडिकल कैशलेस योजना लागू होने पर कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का किया अभिनंदन, भिलाई समारोह के लिए दिया निमंत्रण
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के समस्त शासकीय कर्मचारियों एवं उनके परिवार के लिए मेडिकल कैशलेस सुविधा की घोषणा किए जाने पर मेडिकल कैशलेस कर्मचारी कल्याण संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया।
दिनांक 10 मार्च 2026 को संघ के प्रांतीय पदाधिकारी विधानसभा पहुंचकर मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ एवं शाल भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया। कर्मचारियों ने कहा कि राज्य सरकार ने बजट में मेडिकल कैशलेस योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान कर कर्मचारियों को होली से पहले बड़ी सौगात दी है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन पिछले कई वर्षों से राज्य के सभी कर्मचारियों एवं उनके परिवार के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा की मांग कर रहा था, ताकि प्रदेश के मल्टी स्पेशलिटी अस्पतालों के साथ-साथ देश के बड़े अस्पतालों में भी कर्मचारियों को बेहतर उपचार मिल सके।
इस अवसर पर संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को आगामी 29 मार्च 2026 को भिलाई में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया, जिस पर मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित रूप से सहमति प्रदान की।
पदाधिकारियों ने वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन तथा दुर्ग विधायक ललित चंद्राकर से भी मुलाकात कर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ही यह मांग शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंच पाई।
संघ की प्रदेश अध्यक्ष उषा चंद्राकर ने कहा कि मेडिकल कैशलेस सुविधा लागू होने से प्रदेश के हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। वहीं संगठन के संरक्षक राकेश सिंह ने इसे कर्मचारियों और उनके परिवारों की बड़ी जीत बताया।
उन्होंने बताया कि संगठन ने पिछले तीन वर्षों से इस मांग को लेकर लगातार प्रयास किए, जिसमें सोशल मीडिया अभियान, मंत्रियों और अधिकारियों से संवाद तथा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपने जैसे कई कदम शामिल थे।
इस अवसर पर प्रदेश संरक्षक राकेश सिंह, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष लिखेश वर्मा, प्रदेश संयोजक पियूष गुप्ता, कोषाध्यक्ष विजय कोचेद्र, प्रदेश उपाध्यक्ष अजु राम सिन्हा, दुर्ग संभाग अध्यक्ष पंकज राठौर, रायपुर संभाग अध्यक्ष देव साहू, प्रांतीय संयुक्त सचिव कुंदन साहू, प्रमेश कुमार तथा अमित कुमार वर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश संयोजक पियूष कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दिनों में भिलाई में मुख्यमंत्री एवं मंत्रिमंडल के सदस्यों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।















