LIVE UPDATE
झमाझम खबरें

कृषि महाविद्यालय बैकुंठपुर में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव ‘सरगम’, छात्रसंघ ने ली शपथ, पूर्व छात्रों का हुआ सम्मान

कृषि महाविद्यालय बैकुंठपुर में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव ‘सरगम’, छात्रसंघ ने ली शपथ, पूर्व छात्रों का हुआ सम्मा

कृषि महाविद्यालय बैकुंठपुर में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव ‘सरगम’, छात्रसंघ ने ली शपथ, पूर्व छात्रों का हुआ सम्मान
कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित स्व. डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र में वार्षिकोत्सव ‘सरगम’, छात्रसंघ शपथ-ग्रहण समारोह एवं पूर्व छात्र सम्मेलन का आयोजन मंगलवार 06 मई 2026 को बड़े उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पूर्व छात्रों के अनुभव साझा करने और कृषि शिक्षा के भविष्य को लेकर हुए विचार-विमर्श ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री भईयालाल राजवाड़े रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार सेवाएं-सह-निदेशक बीज एवं प्रक्षेत्र डॉ. एस. एस. टुटेजा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. डी.के. गुप्ता ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अधिष्ठाता डॉ. डी.के. गुप्ता ने महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए स्थापना काल से अब तक की उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान कार्यों तथा छात्र-हित में किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय कृषि शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है तथा विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. एस. एस. टुटेजा ने अपने संबोधन में महाविद्यालय की शिक्षकेत्तर एवं रचनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली से संबद्धता के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। वहीं कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र जशपुर के अधिष्ठाता डॉ. ए.के. सिन्हा ने भी विद्यार्थियों को कृषि के क्षेत्र में नवाचार और अनुसंधान के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि विधायक भईयालाल राजवाड़े ने कृषि वैज्ञानिकों को “भगवान तुल्य” बताते हुए कहा कि किसान और कृषि वैज्ञानिक देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं पूर्व विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में युवाओं की भूमिका आने वाले समय में और अधिक महत्वपूर्ण होने वाली है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राहुल आर्य एवं सहायक ग्रंथपाल डॉ. श्रवण यादव द्वारा संकलित एवं संपादित पूर्व विद्यार्थियों की संपर्क निर्देशिका ‘एलुमनी डायरेक्टरी’ का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। इस निर्देशिका को महाविद्यालय के पूर्व छात्रों को एक मंच पर जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रसंघ शपथ-ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्रसंघ अध्यक्ष अंशिका वर्मा, उपाध्यक्ष प्रिया जायसवाल, सचिव प्रीति कुर्रे, सह-सचिव मेघा सोनकर एवं कक्षा प्रतिनिधियों श्वेता यादव, उत्कर्ष वर्मा, आर्यन अनंत तथा श्वेता गुप्ता को कर्तव्यनिष्ठा एवं जिम्मेदारी की शपथ दिलाई गई।
पूर्व छात्र सम्मेलन में महाविद्यालय के पूर्व उत्तीर्ण छात्र आमीन केरकेट्टा, प्रियंका साहू सहित अन्य पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय से मिली शिक्षा और मार्गदर्शन ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। लोकनृत्य, गीत-संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
मंच संचालन डॉ. संजय कुमार घृतलहरे के साथ छात्र-छात्राओं अरविंद अनंत, कबीर दास माणिकपुरी, वारिस सिद्दिकी एवं ताशी माझी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सांस्कृतिक प्रभारी डॉ. आशीष कुमार सिंह ने दिया।
कार्यक्रम में उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र चिरमिरी की अधिष्ठाता डॉ. रितु रानी मिंज, परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र अम्बिकापुर के सह-संचालक अनुसंधान डॉ. के.एल. पैंकरा, उप-संचालक कृषि कोरिया राजेश कुमार भारती, कृषि विज्ञान केंद्र अम्बिकापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप शर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख अभि. कमलेश कुमार सिंह, राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय अम्बिकापुर के अधिष्ठाता प्रतिनिधि डॉ. रंजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, पूर्व विद्यार्थी, ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ये खबर भी पढ़ें…
प्रशासन पहुँचा द्वार: जल्के क्लस्टर के 10 पंचायतों के लिए लगा समाधान शिविर
प्रशासन पहुँचा द्वार: जल्के क्लस्टर के 10 पंचायतों के लिए लगा समाधान शिविर
May 7, 2026
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा : ​ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम पंचायत जल्के में गुरुवार को 'सुशासन तिहार 2026' के अंतर्गत विशाल जनसमस्या...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

Back to top button
error: Content is protected !!