प्रशासन पहुँचा द्वार: जल्के क्लस्टर के 10 पंचायतों के लिए लगा समाधान शिविर

कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा : ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम पंचायत जल्के में गुरुवार को ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत विशाल जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उन तक पहुँचाया गया।
प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति :-

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम उपस्थित रहे। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, पोड़ी उपरोड़ा जनपद अध्यक्ष माधुरी देवी तंवर, उपाध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़, शिरकत की। प्रशासन की ओर से एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा मनोज कुमार बंजारे, तहसीलदार पसान, वीरेंद्र श्याम, जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा सीईओ जय प्रकाश डड़सेना, सहित संबंधित विभागों के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
योजनाओं का वितरण और त्वरित निराकरण :-

शिविर में क्लस्टर की 10 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के हाथों खाद्य विभाग द्वारा नवीन राशन कार्ड प्रदान किए गए। पंचायत विभाग द्वारा मनरेगा जॉब कार्ड का वितरण किया गया।
आवेदनों की स्थिति :-

शिविर में ग्रामीणों की मांग और शिकायतों से संबंधित कुल 525 आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन की सक्रियता के चलते 96 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष 429 आवेदनों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित कर समय सीमा के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिथियों का उद्बोधन :-
सभा को संबोधित करते हुए विधायक तुलेश्वर मरकाम ने कहा कि “सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित और उचित समाधान उनके घर के पास ही सुनिश्चित करना है।” अतिथियों ने जोर देकर कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों के एक ही स्थान पर होने से ग्रामीणों को अब जिला मुख्यालय के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लें और उनका अधिकतम लाभ उठाएं।













