
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर खनिज विभाग का बड़ा एक्शन, अवैध रेत-गिट्टी परिवहन में 6 ट्रैक्टर जब्त
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत और गिट्टी के अवैध कारोबार पर शिकंजा कस दिया है। सीएम हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1076 पर प्राप्त शिकायत के बाद कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, जिले के कोलबिर्रा, रुमगा, खंता और पिपरिया क्षेत्र से अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए 5 ट्रैक्टर पकड़े गए, जबकि सधवानी क्षेत्र से अवैध गिट्टी परिवहन में लगे 1 ट्रैक्टर को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि जिले में खनिज माफियाओं और अवैध परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि शिकायत मिलते ही कलेक्टर ने खनिज विभाग को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर वाहनों को पकड़कर जब्त कर लिया। सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। संबंधित वाहन तभी छोड़े जाएंगे जब निर्धारित अर्थदंड अथवा समझौता राशि शासन के खनिज मद में जमा कराई जाएगी।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं का विश्वास शासन-प्रशासन पर बना रहे।
इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे तथा नगर सैनिक सतीश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















