
लंबित अपराधों पर सख्ती, विरोध-प्रदर्शनों को लेकर अलर्ट मोड में GPM पुलिस; एसपी मनोज कुमार खिलारी ने दिए कड़े निर्देश
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में लंबित अपराधों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के साथ-साथ आगामी संभावित विरोध-प्रदर्शनों और आंदोलनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

बैठक में एक वर्ष तथा 60/90 दिनों से अधिक समय से लंबित अपराधों की प्रकरणवार समीक्षा की गई। एसपी ने सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की जांच को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में साक्ष्य, गवाहों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट, विशेषज्ञ रिपोर्ट और अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं समय-सीमा के भीतर पूरी कर विवेचना का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों की विवेचना पूरी हो चुकी है, उनमें तत्काल चालान अथवा अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अवैध प्रवासियों तथा संभावित CJP प्रोटेस्ट के मद्देनजर जिले की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। एसपी ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने वाले नागरिकों के अधिकारों का सम्मान किया जाएगा, लेकिन हिंसा, तोड़फोड़, सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने अथवा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत करने, आयोजकों से समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पहले से ब्रीफ करने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर सतत निगरानी रखने तथा आवश्यक होने पर तत्काल तथ्यात्मक जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

एसपी मनोज कुमार खिलारी ने कहा कि “लंबित अपराधों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे।”
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से भी शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने की अपील की है।















