
जिला स्तरीय राज्योत्सव में विधायक धर्मजीत सिंह होंगे मुख्य अतिथि, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी होंगे शामिल; लोक छाया की सांस्कृतिक प्रस्तुति बनेगी आकर्षण
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा पेण्ड्रारोड स्थित गुरुकुल ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धर्मजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।


समारोह में कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव सहित जिले के अनेक जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जनपद पंचायत गौरेला अध्यक्ष शिवनाथ बघेल, पेण्ड्रा अध्यक्ष हेमकुंवर अजीत श्याम, मरवाही अध्यक्ष जानकी खुसरो तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष भी उपस्थित रहेंगे।


राज्योत्सव को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों की विकासपरक प्रदर्शनी एवं विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही बच्चों के लिए मेला, आकर्षक फूड जोन और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

लोक छाया की प्रस्तुति से सजेगी सांस्कृतिक संध्या…!
राज्योत्सव का प्रमुख आकर्षण छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध गायिका छाया चंद्राकर की टीम ‘लोक छाया’ की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की जाएगी। शैला, सुवा, डंडा, करमा और बार जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल बनाएंगी।
शाम 4 बजे से शुरू होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 4 से 5 बजे तक स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके बाद स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू होगा। शाम 5 से 5:10 बजे तक ग्राम पंचायत बारीउमराव का शैला नृत्य, 5:10 से 5:20 बजे तक लमना का सुवा नृत्य, 5:20 से 5:30 बजे तक सेमरदर्री का डंडा नृत्य और 5:30 से 5:40 बजे तक सेमरदर्री का करमा नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
इसी क्रम में 5:40 से 5:50 बजे तक आमगांव का बार नृत्य, 5:50 से 6 बजे तक लमना का शैला नृत्य तथा शाम 6 से 7 बजे तक ग्राम पंचायत जाटादेवरी के कलाकारों द्वारा लोकनृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 7 से 8 बजे तक अतिथियों की उपस्थिति में मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद रात 8 बजे से सुप्रसिद्ध गायिका छाया चंद्राकर की टीम ‘लोक छाया’ की प्रस्तुति होगी।
जिला स्तरीय राज्योत्सव के माध्यम से जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, उपलब्धियों और समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर राज्योत्सव की खुशियों में सहभागी बनने की अपील की है।















