जीपीएम में बदला प्रशासनिक नेतृत्व, डॉ. संतोष देवांगन ने ग्रहण किया कार्यभार

जीपीएम में बदला प्रशासनिक नेतृत्व, डॉ. संतोष देवांगन ने ग्रहण किया कार्यभार
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव के तहत डॉ. संतोष प्रसाद देवांगन ने शुक्रवार को जिले के नए कलेक्टर के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कलेक्टर कार्यालय पहुंचने पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

तत्कालीन कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डॉ. देवांगन का स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी एवं जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने भी नव पदस्थ कलेक्टर का स्वागत करते हुए उन्हें जिले के विकास कार्यों और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पांडे, डिप्टी कलेक्टर निकीता मरकाम, जिला कोषालय अधिकारी धनेंद्र सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नव कलेक्टर को बधाई देते हुए जिले के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।
जिले में नए कलेक्टर की पदस्थापना के बाद प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। आम जनता और प्रशासनिक हलकों में यह चर्चा है कि नई नेतृत्व क्षमता के साथ जिले में विकास कार्यों, राजस्व मामलों, शिक्षा, स्वास्थ्य और पंचायत स्तर की व्यवस्थाओं में और अधिक सक्रियता देखने को मिल सकती है।

कार्यभार ग्रहण के दौरान पूरे दिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों का कलेक्टर कार्यालय में आना-जाना लगा रहा। नव कलेक्टर डॉ. संतोष प्रसाद देवांगन ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले की प्रशासनिक स्थिति और प्राथमिकताओं की जानकारी ली।














