LIVE UPDATE
झमाझम खबरेंदेशप्रदेशराजनीतीरायपुर

होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात: 28 फरवरी को ₹10,292 करोड़ की बोनस राशि खातों में होगी ट्रांसफर

होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात: 28 फरवरी को ₹10,292 करोड़ की बोनस राशि खातों में होगी ट्रांसफर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए होली से पहले बड़ी सौगात की घोषणा की गई है। राज्य सरकार 28 फरवरी को किसानों के खातों में धान का बोनस अंतरित करेगी। वन एवं अन्य विभागों के मंत्री केदार कश्यप ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को कुल 10,292 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय स्थित महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया। बैठक में राज्य के किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले कृषकों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि एकमुश्त देने का फैसला किया गया।
सरकार के अनुसार, इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 25 लाख से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। धान खरीदी के दौरान घोषित समर्थन मूल्य और ₹3100 प्रति क्विंटल की दर के बीच की अंतर राशि होली पर्व से पहले किसानों के खातों में जमा कर दी जाएगी, ताकि वे त्योहार बेहतर तरीके से मना सकें।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषक उन्नति योजना का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि करना और उन्हें समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार पारदर्शी व्यवस्था के तहत सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से राशि अंतरित करेगी, जिससे किसी प्रकार की बिचौलिया व्यवस्था की गुंजाइश नहीं रहेगी।
राज्य सरकार का मानना है कि यह फैसला न केवल किसानों को आर्थिक राहत देगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा। होली से पहले बोनस की राशि मिलने से बाजारों में खरीदारी बढ़ेगी और स्थानीय व्यापार को भी गति मिलेगी।
प्रदेश के किसान संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सरकार का सकारात्मक कदम बताया है। किसानों का कहना है कि समय पर अंतर राशि मिलने से उनकी आर्थिक जरूरतें पूरी होंगी और कृषि कार्यों के लिए संसाधन जुटाने में भी सहायता मिलेगी।
होली से पहले आई यह घोषणा निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत और उत्साह का संदेश लेकर आई है।

Back to top button
error: Content is protected !!