
दिव्यांग बच्चों से अधीक्षिका की स्कूटी धुलवाने का आरोप, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप; विभाग ने जारी किया नोटिस
कोरबा। दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित छात्रावास में बच्चों से पढ़ाई और देखभाल के बजाय निजी काम करवाने का कथित मामला सामने आया है। कोरबा जिले के डिंगापुर स्थित दिव्यांग छात्रावास में अधीक्षिका की निजी स्कूटी बच्चों से धुलवाने के आरोप ने छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल यूनिफॉर्म पहने दिव्यांग बच्चों द्वारा स्कूटी साफ किए जाने के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समाज कल्याण विभाग हरकत में आया है।

वायरल वीडियो में कहीं एक दिव्यांग बच्चा स्कूटी धोता दिखाई दे रहा है, तो कहीं दो बच्चे मिलकर वाहन की सफाई करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि छात्रावास अधीक्षिका मीना सोनी बच्चों से अपनी निजी स्कूटी साफ करवाती थीं। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला बच्चों के सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन गया है।
छात्रावास में 50 बच्चे, व्यवस्था पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि छात्रावास में करीब 50 दिव्यांग बच्चे रहकर शिक्षा ग्रहण करते हैं। इन बच्चों की देखरेख, सुरक्षा और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी छात्रावास प्रबंधन की है। ऐसे में बच्चों से अधीक्षिका के निजी वाहन की सफाई करवाने का आरोप सामने आना कई सवाल खड़े करता है। आखिर छात्रावास में बच्चों से इस तरह के काम क्यों करवाए जा रहे थे? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी?
विभाग ने थमाया नोटिस, जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी

वीडियो वायरल होने के बाद समाज कल्याण विभाग ने अधीक्षिका मीना सोनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। विभागीय अधिकारी हरीश सक्सेना के अनुसार, अधीक्षिका ने आरोपों को कर्मचारियों की साजिश बताया है। फिलहाल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।
अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और बच्चों से कथित तौर पर निजी काम करवाने के मामले में विभाग क्या कार्रवाई करता है। सवाल साफ है—दिव्यांग बच्चों के लिए बने छात्रावास में उनकी शिक्षा और सुरक्षा प्राथमिकता है या जिम्मेदारों की निजी सुविधाएं?















