
कनईबहरा के नवापारा में कीचड़ से ग्रामीण परेशान, पक्की सड़क की मांग
बारिश में रास्ते हुए कीचड़ से लथपथ, आवागमन हुआ मुश्किल; ग्रामीण बोले—पक्की सड़क बने तो मिलेगी राहत

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। ग्राम पंचायत कोड़गार, जनपद पंचायत पेंड्रा अंतर्गत ग्राम कनईबहरा के मोहल्ला नवापारा में बारिश के दिनों में ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। मोहल्ले में आने-जाने वाले रास्ते कीचड़ से लथपथ हो जाने के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।





बारिश के बाद रास्ते पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन गई है। पैदल चलने के साथ ही दोपहिया वाहनों से आवागमन करना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते की खराब स्थिति के कारण बच्चों, बुजुर्गों और जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों की मांग—बने पक्की सड़क
ग्रामीणों ने संबंधित ग्राम पंचायत एवं प्रशासन से मांग की है कि नवापारा मोहल्ले के आवागमन वाले रास्ते पर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में कीचड़ और फिसलन की समस्या से स्थायी रूप से निजात मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यहां पक्की सड़क बन जाती है तो मोहल्लेवासियों को सालभर सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण कर पक्की सड़क निर्माण के लिए आवश्यक पहल करने की मांग की है।















