
छात्रावास अधीक्षकों की पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में उतरे टी.एस. सिंहदेव, बोले– मांगें जायज, अधीक्षक के साथ सहायक अधीक्षक भी हो
मेस राशि में तीन साल से वृद्धि नहीं होने पर जताई चिंता, 24 घंटे की ड्यूटी और लंबित सेवा संबंधी समस्याओं के निराकरण की उठाई मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में छात्रावास अधीक्षकों की पांच सूत्रीय मांगों और लंबित सेवा संबंधी समस्याओं का मुद्दा अब राजनीतिक स्तर पर भी उठने लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने छात्रावास अधीक्षकों की मांगों को जायज बताते हुए राज्य सरकार से इन पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है।





टी.एस. सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रदेश के छात्रावासों एवं आश्रमों में निवासरत छात्र-छात्राओं के भोजन और नाश्ते की मेस राशि में पिछले तीन वर्षों से वृद्धि नहीं होने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। मेस राशि में समयानुसार वृद्धि करना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।
कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिंहदेव ने छात्रावास अधीक्षकों की कार्य परिस्थितियों और जिम्मेदारियों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि छात्रावास अधीक्षकों पर विद्यार्थियों की सुरक्षा, भोजन, स्वास्थ्य और देखभाल सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होती हैं। उनकी 24×7 ड्यूटी और कार्यभार को देखते हुए सेवा संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जाना चाहिए।
उन्होंने छात्रावास व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधीक्षक के साथ सहायक अधीक्षक की व्यवस्था किए जाने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि छात्रावास संचालन की पूरी जिम्मेदारी एक ही व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहनी चाहिए। सहायक अधीक्षक की नियुक्ति से कार्यों का बेहतर विभाजन होगा और विद्यार्थियों की देखरेख में भी सहूलियत मिलेगी।
सिंहदेव ने अधीक्षक संवर्ग की सेवा शर्तों, पदोन्नति, कार्य अवधि, अवकाश व्यवस्था, ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली से जुड़ी समस्याओं और मेस बजट जैसे विषयों पर शासन का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल की आवश्यकता जताई।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर 12 नवंबर को प्रदेशभर के छात्रावास अधीक्षकों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल की थी। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भी अधीक्षकों ने प्रदर्शन कर शासन से मांगों के शीघ्र निराकरण की अपील की थी।
अब पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव द्वारा इन मुद्दों को उठाए जाने से छात्रावास अधीक्षकों की मांगों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।















