
जंगली भालू के हमले में महिला गंभीर घायल, 108 की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में जंगली भालू के हमले की एक और घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत नाका निवासी सविता, पति शेर सिंह आज सुबह किसी काम से अपने बाड़ी की ओर गई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।

महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह भालू को वहां से भगाया। इसके बाद तत्काल डायल 108 को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही 108 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची। आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात ईएमटी शुक्ला प्रसाद एवं पायलट सुनील कुमार ने घायल महिला को प्राथमिक उपचार दिया और गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में महिला को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन के अनुसार महिला की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

लगातार सामने आ रही वन्यजीव हमले की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और जंगली भालुओं से सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
















