
राज्य स्तरीय रोजगार मेले में 8,720 रिक्तियां, जीपीएम के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर
7 एवं 8 अक्टूबर को रायपुर में होगा दो दिवसीय आयोजन, 36 नियोजक एवं प्लेसमेंट एजेंसियां लेंगी हिस्सा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 28 सितंबर 2026। प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में प्रदेशभर के युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर भी प्रदान किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
राज्य स्तरीय रोजगार मेले के लिए अब तक 36 नियोजकों एवं प्लेसमेंट एजेंसियों से कुल 8,720 रिक्तियां प्राप्त हुई हैं। इनमें क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, वर्धमान टेक्सटाइल्स, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, एनआईआईटी और आईसेक्ट सहित विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं।

रोजगार मेले में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण युवाओं के साथ ही आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्यताधारी युवा भी अपनी शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के अनुरूप विभिन्न पदों के लिए अवसर प्राप्त कर सकेंगे। बड़ी संख्या में रिक्तियों के चलते जिले के बेरोजगार एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
जिला प्रशासन गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा जिले के पात्र युवाओं से राज्य स्तरीय रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है। युवाओं तक रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाने के लिए महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रेरित करने की गतिविधियां की जाएंगी।

इच्छुक एवं पात्र युवा ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर राज्य स्तरीय रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा जिले में हाल ही में आयोजित रोजगार मेलों, प्लेसमेंट कैंपों एवं अन्य नियोजन गतिविधियों में चयनित युवाओं को भी 8 अक्टूबर के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पात्र चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ऑफर लेटर प्रदान कराना है।
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे अपनी शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के अनुरूप उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त कर समय पर आवेदन करें और इस राज्य स्तरीय रोजगार मेले का लाभ उठाएं।















