
सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषा प्रतियोगिता आयोजित
22 संकुलों से चयनित 44 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 28 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड पेंड्रा में विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड पेंड्रा के सभी 22 संकुलों से संकुल स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। चित्रकला एवं भाषा प्रतियोगिता में कुल 44 प्रतिभागी शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत जीपीएम अध्यक्ष समीरा पैकरा रहीं। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत जीपीएम उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर, भाजपा जिला जीपीएम उपाध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी सहित अजय राय, मनीष श्रीवास एवं मदन सोनी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर समीरा पैकरा ने कहा कि बच्चों में छिपी प्रतिभा को सामने लाने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण हैं। चित्रकला और भाषा के माध्यम से बच्चों को अपनी कल्पनाशीलता एवं विचारों को व्यक्त करने का अवसर मिलता है। विद्यार्थियों ने जिस उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया, वह सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच मिलता है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच को प्रस्तुत किया, वहीं भाषा प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से रखे। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी जीपीएम रजनीश तिवारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी पेंड्रा रविंद्र नाथ चंद्र, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी पेंड्रा कृपाल सिंह, विकासखंड समन्वयक पेंड्रा संजय कुमार नामदेव सहित समस्त सीएससी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना रहा। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन कर कार्यक्रम को गौरवपूर्ण बनाया।















