
बेलपारा में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर में घुसी ईको कार, रायपुर की युवती की दर्दनाक मौत
ट्रेलर में फंसी कार को काफी दूर तक घसीटता रहा वाहन, CCTV फुटेज आया सामने; 10 युवक-युवतियां थे सवार

रतनपुर। बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रतनपुर के पास बेलपारा में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ईको कार सामने चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में रायपुर निवासी युवती काजल साहू की मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ईको कार में पांच युवक और पांच युवतियां सवार होकर घूमने निकले थे। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे बेलतरा से आगे बेलपारा के पास कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा टकराई। शुरुआती जानकारी में चालक को झपकी आने की वजह से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

ट्रेलर में फंसी कार को घसीटता रहा चालक
टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। हैरानी की बात यह रही कि ट्रेलर चालक को टक्कर का एहसास तक नहीं हुआ और वह कार को काफी दूर तक घसीटता रहा। पीछे चल रहे लोगों ने जब चालक को हादसे की जानकारी दी, तब जाकर उसने वाहन रोका। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार ट्रेलर के साथ घिसटती हुई दिखाई दे रही है।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया, दो की हालत गंभीर
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी लोग पहले रतनपुर घूमने के बाद चैतुरगढ़ जाने की तैयारी में थे, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। रतनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।















