
DPL सीजन-3 का रोमांच चरम पर, मैदान में उतरे जिले के अधिकारी-कर्मचारी; 24 नवंबर को होगा फाइनल मुकाबला
8 टीमों के 112 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम, 15 मुकाबलों के बाद विजेता टीम को मिलेगी 1 लाख 70 हजार रुपये की चैंपियनशिप राशि

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में खेल भावना, आपसी समन्वय और उत्साह को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित डिपार्टमेंट प्रीमियर लीग (DPL) सीजन-3-2026 का भव्य शुभारंभ 22 नवंबर से हुआ। गुरुकुल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों तक ने क्रिकेट के मैदान पर अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, जिला शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार सुबह बस्तीबगरा ब्लास्टर्स और अरपा एवेंजर्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें अरपा एवेंजर्स ने जीत हासिल की। इसके बाद गुरुकुल और नवागांव की टीमों के बीच मुकाबला शुरू हुआ। जिला पंचायत सीईओ ने टॉस करवाकर मैच का शुभारंभ किया। मुकाबले में नवागांव की टीम बल्लेबाजी कर रही है।

इस बार DPL सीजन-3 में कुल 8 टीमें, 112 खिलाड़ी और 15 मुकाबले निर्धारित किए गए हैं। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख 70 हजार रुपये की चैंपियनशिप राशि प्रदान की जाएगी। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
24 नवंबर को होगा खिताबी मुकाबला

22 नवंबर से शुरू हुई इस क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार, 24 नवंबर को खेला जाएगा। अब सभी की निगाहें फाइनल में पहुंचने वाली टीमों पर टिकी हैं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों से समय निकालकर अधिकारी-कर्मचारी जिस उत्साह के साथ मैदान में खेल रहे हैं, वह जिले में खेल संस्कृति और टीम भावना को बढ़ावा देने की एक खास पहल बनकर सामने आया है।















