
शिक्षक पर कथित धर्मांतरण का आरोप, VHP-बजरंग दल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; कार्रवाई की मांग
बहरी झोरकी का मामला गरमाया, शिक्षक सहित पांच अन्य लोगों की भूमिका की जांच की मांग; आय-व्यय, संपत्ति और जाति प्रमाण पत्रों की भी हो जांच




गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के ग्राम बहरी झोरकी में कथित अवैध धर्मांतरण का मामला सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है।
संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में शासकीय शिक्षक कृष्णा लाल लकड़ा पर कथित धर्मांतरण में भूमिका होने का आरोप लगाते हुए उनकी गतिविधियों एवं उनके परिवार की भी जांच कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही ध्यान सिंह केरकेट्टा, नितेश केरकेट्टा, विजय केरकेट्टा और बिटकू लाल, निवासी ग्राम बहरी झोरकी की कथित भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।

आय-व्यय और संपत्ति की जांच की मांग
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने संबंधित व्यक्तियों के आय के स्रोत, आय-व्यय और संपत्ति की जांच सक्षम विभाग से कराने की मांग की है। साथ ही उनके जाति प्रमाण पत्रों की वैधता एवं जारी करने की प्रक्रिया की जांच सक्षम राजस्व अधिकारियों से कराने की बात कही है। संगठन का कहना है कि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।संयुक्त जांच टीम गठित करने की मांग
ज्ञापन में ग्राम बहरी झोरकी में कथित अवैध धर्मांतरण से संबंधित शिकायतों एवं उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त जांच टीम गठित करने की मांग भी की गई है। संगठन ने कहा है कि जांच की प्रगति से शिकायतकर्ताओं को भी अवगत कराया जाए।दोष सिद्ध होने पर FIR दर्ज करने की मांग
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने जिला प्रशासन से मांग की है कि यदि जांच में अवैध धर्मांतरण अथवा अन्य किसी कानून के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा गया है, जबकि इसकी प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक को भी दी गई है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।















