
अवैध जुआ फड़ पर पुलिस की छापेमारी के बाद बड़ी कार्रवाई, TI समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित; विभाग में मचा हड़कंप
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में अवैध जुआ कारोबार को कथित संरक्षण देने और जुआरियों से मिलीभगत के आरोपों के बाद पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस अधीक्षक आईपीएस योगेश कुमार पटेल ने प्रतापपुर थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में एक निरीक्षक (TI), एक उप निरीक्षक (SI) और तीन आरक्षक शामिल हैं।मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को प्रतापपुर बस स्टैंड के पास संचालित जुआ फड़ पर जिला स्तरीय पुलिस टीम ने छापेमारी की थी। इस दौरान मौके से सात जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 99 हजार 600 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और सात मोबाइल फोन जब्त किए।

जांच में स्थानीय पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध
छापेमारी के बाद मामले की जांच की गई। जांच के दौरान अवैध जुआ फड़ के संचालन में स्थानीय पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद एसपी योगेश कुमार पटेल ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रतापपुर थाना प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों के निलंबन का आदेश जारी किया।

अवैध जुआ कारोबार पर कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिसकर्मियों पर हुई इस अनुशासनात्मक कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस कार्रवाई को अवैध गतिविधियों में पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता के मामलों में विभागीय जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।















