
बेलगहना वन परिक्षेत्र में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, रात में किए जा रहे अवैध कब्जे को जेसीबी से किया गया बराबर
ग्रामीणों की सूचना पर रात में ही पहुंची वन विभाग की टीम, सुबह जेसीबी लगाकर हटाया गया अतिक्रमण

जीशान अंसारी की कलम से, बेलगहना। बेलगहना वन परिक्षेत्र अंतर्गत केंदा सर्किल के वन विभाग गोदाम के पीछे रात्रिकालीन समय में कथित अवैध कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मौके पर किए जा रहे अतिक्रमण को तत्काल रुकवाया।
वन विभाग की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुबह होते ही मौके पर जेसीबी बुलाकर अवैध रूप से किए गए कब्जे वाले हिस्से को बराबर करवा दिया। इस कार्रवाई के बाद वन भूमि पर कब्जे की कोशिश को रोक दिया गया।

डिप्टी रेंजर प्रमोद मिश्रा ने बताया—रात में मिली सूचना, तत्काल पहुंचकर रुकवाया कब्जा
मामले को लेकर जब मीडिया टीम ने डिप्टी रेंजर प्रमोद मिश्रा से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि रात्रि के समय कुछ लोगों द्वारा वहां कब्जा किए जाने की सूचना ग्रामीणों से मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए कब्जे की कोशिश को रुकवाया गया। इसके बाद सुबह जेसीबी की मदद से किए गए अवैध कब्जे वाले स्थान को बराबर कराया गया।

इस पूरी कार्रवाई में बीट गार्ड नवीन बंजारा, सुशील शर्मा और संदीप पोर्ते सहित वन विभाग की टीम की भूमिका रही।
डिप्टी रेंजर सूरज मिश्रा ने कहा—अवैध कब्जे और जंगल कटाई पर कार्रवाई जारी रहेगी
वहीं डिप्टी रेंजर सूरज मिश्रा ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में जंगल कटाई, वन भूमि पर अवैध कब्जे या अतिक्रमण से संबंधित कोई मामला सामने आता है तो वन विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि वन क्षेत्र में अवैध कब्जे की कोशिशों को लेकर विभाग मौके पर कार्रवाई कर रहा है। अब विभाग की नजर ऐसे मामलों पर आगे भी बनी रहेगी।















