
ढाई साल पहले ही कांग्रेस में CM फेस की चर्चा तेज! बैज ने गिनाए चार नाम, BJP ने साधा निशाना
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगला विधानसभा चुनाव अभी करीब ढाई साल दूर है, लेकिन कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सियासी चर्चा शुरू हो गई है। सरगुजा में कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री बनने की क्षमता रखने वाले चार वरिष्ठ नेताओं के नाम गिनाए। इनमें भूपेश बघेल, चरणदास महंत, टी.एस. सिंहदेव और डॉ. ताम्रध्वज साहू शामिल हैं।


दीपक बैज के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सियासत में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर नई चर्चा छिड़ गई है। हालांकि बैज ने इसे किसी एक नेता की दावेदारी के रूप में पेश नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का फिलहाल एक ही मकसद है—छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार वापस लाना, जबकि मुख्यमंत्री का चेहरा तय करना हाईकमान का विषय है।
BJP ने कांग्रेस पर कसा तंज
बैज के बयान पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसके हालिया चुनावी प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने पिछले चुनावी नतीजों पर ध्यान देना चाहिए।


वहीं, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस की इस कवायद पर तंज कसते हुए कहा कि अभी सरकार बनने की स्थिति दूर है, लेकिन कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर नामों की चर्चा शुरू हो गई है। उन्होंने इसे “गांव बसा नहीं, चोर तैयार” वाली कहावत से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस नेता अभी से दिन में सपने देख रहे हैं और उनके सपने साकार नहीं होंगे।


मिशन 2028 की तैयारी या CM फेस की रेस?
कांग्रेस की ओर से संगठन को मजबूत करने और 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी पर लगातार जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविरों में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा हो रही है।
ऐसे में दीपक बैज द्वारा चार वरिष्ठ नेताओं के नाम लिए जाने के बाद सवाल उठने लगा है कि कांग्रेस अभी से मिशन-2028 की तैयारी के साथ संभावित मुख्यमंत्री चेहरों पर भी मंथन कर रही है या यह केवल वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक स्वीकार्यता का उल्लेख है?
फिलहाल बैज का संदेश स्पष्ट है—पहला लक्ष्य संगठन मजबूत करना और सत्ता में वापसी की कोशिश करना है; मुख्यमंत्री का चेहरा तय करना पार्टी हाईकमान का विषय रहेगा।















