ग्राम मझवानी में चला नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता अभियान, ग्रामीणों को दिलाई नशा छोड़ने की शपथ

जीशान अंसारी की रिपोर्ट, बिलासपुर/बेलगहना। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत ग्राम पंचायत मझवानी में व्यापक नशा जागरूकता एवं चेतना अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मझवानी के सरपंच, प्रकार सिंह पैकरा पंच, एवं वरिष्ठजन, युवा, महिला समूहों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अभियान के दौरान लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान की विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित ग्रामीणों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर ग्रामीणों को बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य प्रभावित करता है। इसलिए सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाएं और युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।nअभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत मझवानी में नशा मुक्ति के लिए एक विशेष टीम का भी गठन किया गया। यह टीम गांव में समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी तथा नशे के विरुद्ध जनसहभागिता बढ़ाने का कार्य करेगी। कार्यक्रम के दौरान केवल नशा मुक्ति ही नहीं, बल्कि यातायात नियमों का पालन, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, साइबर ठगी से बचने के उपाय, ऑनलाइन धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों से कहा गया कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें। इस जनजागरूकता कार्यक्रम में बेलगहना चौकी प्रभारी व्यान नारायण बनाफर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती है और इसे समाप्त करने के लिए पुलिस तथा आम जनता को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने सभी से कानून का पालन करने, यातायात नियमों का सम्मान करने तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। इस दौरान चौकी का समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा यह अभियान बिलासपुर पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में संचालित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में आगे भी विभिन्न गांवों में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि नशामुक्त, सुरक्षित एवं जागरूक समाज का निर्माण किया जा सके। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए विश्वास दिलाया कि वे नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देंगे और गांव को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करेंगे।














