
महुआ शराब के कारोबार पर आबकारी का बड़ा प्रहार: 22 लीटर हाथ भट्ठी शराब जब्त, आरोपी पर कसा शिकंजा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम बंधी में दबिश देकर आबकारी टीम ने एक आरोपी के कब्जे से 22 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की है। मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश तथा प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी सीमा गुप्ता के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम बंधी में छापेमारी कर रवि कुमार केंवट के कब्जे से अवैध रूप से रखी गई हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की। आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में वृत्त पेंड्रा के प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक दीपक सिंह ठाकुर, आबकारी उपनिरीक्षक तुलेश कुमार देशलहरे, प्रशिक्षु आबकारी उपनिरीक्षक वैभव गुलहरे, प्रधान आरक्षक हरिकिशन पटेल तथा आरक्षक इंद्रभान राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















