
ग्राम करहनी की भूमि मामले में कलेक्टर का बड़ा एक्शन, तीन सदस्यीय जांच समिति गठित
10 दिनों में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश, खसरा नंबर 12/20 की भूमि से जुड़े दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों की होगी पड़ताल

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 24 सितंबर 2026। ग्राम करहनी, तहसील मरवाही स्थित भूमि से जुड़े प्रकरण को कलेक्टर विजय दयाराम के. ने गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के तहत मामले की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है।
मामला ग्राम करहनी स्थित खसरा नंबर 12/20 की भूमि से संबंधित है। उपलब्ध पुराने दस्तावेजों के अनुसार उक्त भूमि जोहरी बाई के नाम दर्ज होना बताया गया है। दस्तावेजों में जोहरी बाई के निधन का वर्ष 2010 उल्लेखित है। वहीं, इसी भूमि के संबंध में 16 अप्रैल 2026 को अविनाश एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर द्वारा प्रस्तुत आवेदन तथा उसके बाद हुई राजस्व कार्रवाई में नाम संबंधी स्थिति को लेकर जांच की आवश्यकता सामने आई है।

अपर कलेक्टर होंगे जांच दल प्रभारी
कलेक्टर के आदेश के अनुसार अपर कलेक्टर डी.आर. डाहिरे को जांच दल का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं डिप्टी कलेक्टर विक्रांत अंचल और राजस्व निरीक्षक संजय तिवारी को समिति का सदस्य बनाया गया है।

जांच समिति को प्रकरण से जुड़े राजस्व अभिलेखों, पुराने दस्तावेजों, नामांतरण एवं संबंधित कार्यवाहियों सहित उपलब्ध तथ्यों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति को अपनी जांच पूरी कर 10 दिवस के भीतर कलेक्टर के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत करना होगा।
जांच के बाद सामने आएगी वास्तविक स्थिति
भूमि से जुड़े इस प्रकरण में अब प्रशासनिक जांच शुरू होने के बाद संबंधित दस्तावेजों और राजस्व रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल की जाएगी। जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाएगा कि भूमि के पुराने रिकॉर्ड में दर्ज स्थिति क्या थी, बाद में किस आधार पर संबंधित कार्यवाही हुई और राजस्व अभिलेखों में वर्तमान स्थिति किस प्रक्रिया के तहत दर्ज हुई।
कलेक्टर द्वारा तत्काल जांच समिति गठित किए जाने से अब प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों की प्रशासनिक स्तर पर विधिवत जांच का रास्ता साफ हो गया है। जांच समिति की रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और आगे की कार्रवाई को लेकर तस्वीर स्पष्ट होगी।















