
केंंदा में 70 आदिवासी विद्यार्थियों को बांटे गए स्कूल बैग
सरपंच राहुल, मोनू प्रजापति एवं भाजपा युवा मोर्चा मंडल महामंत्री ने बच्चों को किया प्रोत्साहित


बिलासपुर,केंदा। प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास एवं आदिवासी बालक आश्रम केंदा में अध्ययनरत 70 विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए। विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी शैक्षणिक जरूरतों में सहयोग देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, छात्रावास निगरानी समिति के सदस्यों, अधीक्षकों एवं विद्यार्थियों के पालकगण की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत केंदा के सरपंच राहुल ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, मेहनत एवं अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

इस अवसर पर छात्रावास निगरानी समिति के सदस्य मोनू प्रजापति एवं भाजपा युवा मोर्चा मंडल महामंत्री, ग्राम पंचायत सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को बैग प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षक संजीव शर्मा एवं आश्रम अधीक्षक सुखदेव सोनी की भी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और जीवन में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की बात कही।
स्कूल बैग मिलने के बाद विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों के चेहरे पर खुशी नजर आई। विद्यार्थियों ने कहा कि बैग मिलने से किताबें, कॉपियां और अन्य शैक्षणिक सामग्री रखने में सुविधा होगी।

कार्यक्रम में मौजूद पालकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन और प्रोत्साहन मिलने से उनका मनोबल बढ़ता है।















