
सरपंचों को मंच से उतारने का विवाद पड़ा भारी? नगरी SDM और जनपद CEO हटाए गए!
सांसद भोजराज नाग के सामने जमीन पर बैठकर सरपंचों ने जताया था विरोध, सेवा संकल्प शिविर में हुए घटनाक्रम के बाद धमतरी में प्रशासनिक फेरबदल से मचा हड़कंप!

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी में सेवा संकल्प शिविर के दौरान सरपंचों की कथित बेइज्जती का मामला अब प्रशासनिक फेरबदल के बाद फिर चर्चा में है। नगरी के एसडीएम और जनपद पंचायत सीईओ को हटाए जाने की खबर सामने आई है। मनोज करकाम को नगरी का नया एसडीएम बनाया गया है, जबकि विमल कुमार साहू को जनपद पंचायत सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंच से नीचे उतारने के आरोप, जमीन पर बैठकर जताया विरोध!

पूरा विवाद सेवा संकल्प शिविर के दौरान सामने आया था। आरोप था कि सरपंचों को मंच से नीचे उतार दिया गया, जिससे जनप्रतिनिधियों में नाराजगी फैल गई। तत्कालीन एसडीएम प्रीति दुर्गम पर सरपंचों को मंच से नीचे उतारने का आरोप लगा था।
मामला उस समय और गरमा गया, जब सरपंचों ने सांसद भोजराज नाग के सामने ही अपना विरोध दर्ज कराया। नाराज सरपंच जमीन पर बैठ गए और अपनी आपत्ति जाहिर करने लगे। मौके पर समझाइश देकर स्थिति को संभालने की कोशिश की गई, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

विवाद के बाद प्रशासनिक बदलाव, अब उठ रहे सवाल
घटना के बाद अब नगरी में एसडीएम और जनपद पंचायत सीईओ की जिम्मेदारियों में बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सवाल यह है कि क्या यह फेरबदल सेवा संकल्प शिविर में हुए विवाद से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य प्रशासनिक वजह है?
फिलहाल, दोनों अधिकारियों को हटाने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित आदेश से होना जरूरी है। यदि यह बदलाव विवाद के मद्देनजर किया गया है, तो प्रशासनिक स्तर पर इसकी वजह स्पष्ट होनी चाहिए, ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
अब निगाहें प्रशासन के आधिकारिक आदेश और इस पूरे मामले पर आने वाले स्पष्टीकरण पर टिकी हैं।















