
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के स्कूलों में होंगे विविध आयोजन
*गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।* जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, गौरेला पेंड्रा मरवाही द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों के लिए विस्तृत कार्ययोजना जारी की गई है। अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।

इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत-2047’ की संकल्पना से जोड़ते हुए उनमें रचनात्मकता, नवाचार, सेवा, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना है। अभियान के तहत 17 सितंबर को जिले के विद्यालयों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने आदेश जारी करते हुए जिले के सभी विद्यालयों को दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की फोटो एवं वीडियो तैयार करने तथा Facebook, X, Instagram और WhatsApp सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभियान के साथ साझा करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ के अंतर्गत चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी अपने सपनों के भारत की कल्पना को चित्र और भाषण के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। प्रतियोगिताओं के लिए विकसित भारत, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल भारत, आत्मनिर्भर भारत, विज्ञान एवं तकनीक, खेल, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति तथा राष्ट्र निर्माण जैसे विषय निर्धारित किए गए हैं।

*शत-प्रतिशत विद्यालयों में आयोजन का लक्ष्य*
कार्ययोजना में जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अभियान की गतिविधियां आयोजित कराने का लक्ष्य रखा गया है। अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ प्रत्येक विद्यालय से उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर चयनित उत्कृष्ट चित्र एवं भाषण प्रतिभागियों को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विद्यालयों में विद्यार्थियों की कलात्मक गतिविधियों की प्रदर्शनी लगाने के साथ कार्यक्रम की फोटो, वीडियो और गतिविधिवार अभिलेख तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के तीनों विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, स्रोत समन्वयकों, प्राचार्यों, संकुल शैक्षिक समन्वयकों एवं प्रधानपाठकों को निर्धारित समय-सीमा में अभियान की गतिविधियां संचालित कर जानकारी भेजने के निर्देश दिए हैं। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ने की पहल की जा रही है।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा तीनों विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, जिले के कुछ प्राचार्यों एवं उल्लास के नोडल अधिकारियों में मुकेश कोरी एवं आलोक शुक्ला के साथ ही कुछ अन्य शिक्षकों को को महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।















