बेलगहना में छत्तीसगढ़ रजत जयंती के तहत विद्युत विभाग का विशेष कार्यक्रम आयोजित

जीशान अंसारी की रिपोर्ट, बिलासपुर : जिले के कोटा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलगहना में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत विद्युत विभाग बेलगहना द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन की उपलब्धियों को आमजन तक पहुँचाना, साथ ही नागरिकों को ऊर्जा संरक्षण, विद्युत सेवाओं एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर अतिथियों का सम्मान पत्र भेंट कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्युत से संबंधित विभिन्न योजनाओं, सुरक्षा उपायों तथा ऊर्जा बचत के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला गया। उपस्थित अतिथियों ने छत्तीसगढ़ के विकास में विद्युत व्यवस्था की अहम भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में बिजली के बिना ऑनलाइन सेवाओं सहित अनेक कार्य संभव नहीं हैं, इसलिए विद्युत व्यवस्था समाज और विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जनपद उपाध्यक्ष मनोहर सिंह, राज सभापति उर्मिला प्रधान, विधायक प्रतिनिधि शिवदत्त पांडे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष (ग्रामीण) राजेश कश्यप, जनपद प्रतिनिधि सचिन साहू, सरपंच तुलसीराम खुसरो, वीरेंद्र सिंह ठाकुर, हेमंत क्रांति, सूर्यकांत बाजपेयी, पत्रकार संघ बेलगहना के अध्यक्ष इमरान खान, सहसचिव जीशान अंसारी, विद्युत विभाग के अधिकारी अरुण कुमार साहू, राजेंद्र जगत, सहित विद्युत विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





