
जांच करने पहुंचे BEO से स्कूल प्राचार्य की अभद्रता का आरोप
बच्चों से पानी भरवाने और बाथरूम साफ कराने की शिकायत के बाद बढ़ा विवाद, मीडिया टीम से कथित दुर्व्यवहार के बाद अब शिक्षा अधिकारी से भी बदसलूकी का मामला
जांजगीर-चांपा –नवागढ़ विकासखंड के ग्राम कटौद स्थित ज्ञानदायिनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एक बार फिर विवादों में घिरता नजर आ रहा है। विद्यालय में बच्चों से पानी भरवाने और बाथरूम साफ करवाने की शिकायतों के बाद शुरू हुआ विवाद अब शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक पहुंच गया है।

शिकायत की पड़ताल के दौरान मीडिया टीम के साथ कथित दुर्व्यवहार और कैमरा छीनने के प्रयास की शिकायत बीईओ नवागढ़ से की गई थी। इसी शिकायत के बाद मामले की जांच के लिए 21 सितंबर को नवागढ़ विकासखंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पाटले विद्यालय पहुंचे।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान स्कूल प्राचार्य द्वारा बीईओ के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और दुर्व्यवहार किया गया। बीईओ ने विद्यालय पहुंचकर शिकायत से जुड़े तथ्यों की जांच की और आवश्यक जानकारी लेने के बाद वापस लौटे।

मामले ने अब कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जांच के लिए पहुंचे शिक्षा विभाग के अधिकारी के साथ ही कथित तौर पर अभद्रता की गई, तो विद्यालय में अनुशासन, प्रबंधन और विद्यार्थियों के साथ व्यवहार को लेकर उठ रही शिकायतों की गंभीरता कितनी है, यह जांच का विषय बन गया है।
वहीं, बच्चों से कथित तौर पर पानी भरवाने और बाथरूम साफ करवाने जैसे आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की आवश्यकता सामने आ रही है। शिक्षा विभाग की जांच में यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो संबंधित जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी उठ सकती है।

अब देखना यह होगा कि पूरे मामले में शिक्षा विभाग क्या जांच रिपोर्ट तैयार करता है और विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और अभिभावकों की नजर भी विभागीय कार्रवाई पर टिकी हुई है।
नोट: प्राचार्य का पक्ष और जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।















