
कछार, सेंदरी, लोफंदी के बाद अब खैरा-डंगनिया के जंगल संकट में—क्या बचेगी बेलतरा की प्राकृतिक धरोहर: अंकित गौरहा
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में कथित अवैध रेत, मुरुम और मिट्टी खनन के मामलों को लेकर कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से कछार, सेंदरी और लोफंदी क्षेत्रों में कथित अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहे हैं। इस संबंध में कई बार शिकायतें, ज्ञापन और जनआंदोलन भी किए गए, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध खनन का दायरा लगातार बढ़ता गया।
पेड़ों की कटाई कर अवैध उत्खनन का आरोप

अंकित गौरहा ने आरोप लगाया कि अब ग्राम पंचायत खैरा-डंगनिया के सागौन जंगल में पेड़ों की कटाई कर कथित रूप से अवैध मुरुम खनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेलतरा में प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा गंभीर सवालों के घेरे में है। उनके अनुसार पहले नदियों में अवैध उत्खनन हुआ, फिर खेत, खलिहान और तालाब प्रभावित हुए, कब्रिस्तानों तक को नुकसान पहुंचाया गया और अब जंगलों तक बुलडोजर पहुंचने की खबरें सामने आ रही हैं।
सत्ता संरक्षण में अवैध खनन का आरोप

गौरहा ने आरोप लगाया कि यह केवल अवैध खनन का मामला नहीं, बल्कि पर्यावरण, वन संपदा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने दावा किया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के पीछे सत्ता का संरक्षण है। उनके अनुसार बेलतरा की प्राकृतिक संपदा का लगातार दोहन किया जा रहा है और इसमें जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की मिलीभगत है।निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बेलतरा की जनता के साथ खड़ी है और जल, जंगल एवं जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि कछार, सेंदरी, लोफंदी तथा ग्राम पंचायत खैरा-डंगनिया सहित पूरे बेलतरा क्षेत्र में कथित अवैध रेत एवं मुरुम खनन की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
“प्रकृति की रक्षा हम सबकी जिम्मेदारी”
अंकित गौरहा ने कहा कि बेलतरा के लोग विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर प्राकृतिक संसाधनों का विनाश किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन केवल आज की नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों की अमानत हैं और उनकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नोट: इस समाचार में लगाए गए आरोप कांग्रेस नेता अंकित गौरहा के बयान पर आधारित हैं। इन आरोपों पर प्रशासन या संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।













