
तीनों विकासखंडों के स्कूलों में DEO का औचक निरीक्षण, खामियां मिलने पर अधिकारियों को फटकार
उल्लास साक्षरता महापरीक्षा और सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों का भी लिया जायजा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने जिले के तीनों विकासखंडों के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का सघन एवं औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति सहित उल्लास साक्षरता महापरीक्षा एवं सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।
DEO ने गौरेला विकासखंड के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय ज्योतिपुर तथा मिडिल स्कूल सारबहरा का निरीक्षण किया। इसके बाद पेंड्रा विकासखंड के प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल अड़भार तथा मिडिल स्कूल कुकड़ई में आयोजित संकुल स्तरीय बैठक में शामिल होकर उल्लास साक्षरता महापरीक्षा की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मरवाही विकासखंड के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। प्राथमिक शाला मझगवां में बच्चों को शिक्षिका के मार्गदर्शन में टीवी के माध्यम से चित्रकारी करते पाया गया। बच्चों की गतिविधि देखकर DEO ने शिक्षिका के प्रयासों की सराहना की और इसी तरह नवाचार आधारित गतिविधियां जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं मिडिल स्कूल अंडी एवं हाई स्कूल अंडी के निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं। व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर DEO ने संबंधित प्राचार्य को फटकार लगाते हुए स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अन्य स्थानों पर भी कमियां पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताई। अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस जारी करने तथा संबंधित स्कूल प्रमुखों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। DEO ने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान बीईओ उपेंद्र सिंह, उल्लास के नोडल अधिकारी मुकेश कोरी एवं आलोक शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।















