
युवा उत्सव में लोक संस्कृति की दिखी अनुपम छटा, युवाओं ने बिखेरा प्रतिभा का जलवा
युवा उत्सव प्रतिभाओं को निखारने और लोक संस्कृति के संरक्षण का सशक्त मंच – कलेक्टर विजय दयाराम के.

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 में युवाओं की कला, रचनात्मकता और समृद्ध लोक संस्कृति का शानदार संगम देखने को मिला। मल्टीपरपस स्कूल पेण्ड्रा के असेंबली हॉल में आयोजित इस उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पारंपरिक लोकगीतों और आकर्षक लोकनृत्यों ने आयोजन में सांस्कृतिक रंग भर दिया।
कार्यक्रम में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा उत्सव छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जनजाति बहुल जिला है, जहां की लोककला, लोकनृत्य, लोकगीत और परंपराएं हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी सभी की है।

कलेक्टर ने जिले की साहित्यिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह महान साहित्यकार एवं पत्रकारिता के पुरोधा पंडित माधवराव सप्रे की कर्मभूमि रही है। युवाओं को इस गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेकर साहित्य, कला और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी पहचान बनानी चाहिए। उन्होंने नुक्कड़ नाटक को जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बताते हुए युवाओं से नशामुक्त भारत के निर्माण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
प्रतियोगिताओं में इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी

युवा उत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। लोकनृत्य में लमना के गौरा-गौरी नृत्य दल ने प्रथम और सैला नृत्य दल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। लोकगीत में कल्याणी एवं साथी प्रथम तथा निष्ठा एवं साथी द्वितीय रहे।
चित्रकला में अभिजीत चौधरी प्रथम और हरनाम सिंह पैकरा द्वितीय, कविता लेखन में योगिता रानी प्रथम और पूजा चौधरी द्वितीय स्थान पर रहीं। नुक्कड़ नाटक में बिहार समूह ने प्रथम तथा डाइट पेण्ड्रा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज में श्याम गुप्ता समूह प्रथम और मानवी मिश्रा द्वितीय रहीं। पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में ईशांत रजक प्रथम तथा सुची कौल द्वितीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे। युवा उत्सव ने जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।















