
राज्य स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी चैंपियनशिप का समापन, राजनांदगांव नगर की टीम बनी विजेता
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले में आयोजित 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी चैंपियनशिप 2025-26 का 15 नवंबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 13 से 15 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 26 जिलों की 364 बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपने दमखम, खेल कौशल और शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले काफी रोमांचक रहे। प्रतियोगिता में राजनांदगांव नगर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं बिलासपुर जिला की टीम द्वितीय स्थान पर रही। मेजबान गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि रायपुर जिला की टीम चतुर्थ स्थान पर रही।
प्रतियोगिता का परिणाम इस प्रकार रहा—

– प्रथम स्थान – राजनांदगांव नगर– द्वितीय स्थान – बिलासपुर जिला– तृतीय स्थान – गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही– चतुर्थ स्थान – रायपुर जिला
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला प्रशासन एवं खेल विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. (आईएएस) के मार्गदर्शन एवं सहयोग से प्रतियोगिता सुव्यवस्थित और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
जिले में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी को खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। तीन दिनों तक चले इस खेल आयोजन ने प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया। साथ ही जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और बालिका खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।















