
विशेष आवश्यकता वाले बालक अयांश को मिला वॉकर, समावेशी शिक्षा की दिशा में शिक्षा विभाग की पहल
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 27 जुलाई। समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड संसाधन केंद्र गौरेला के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले बालक अयांश को चलने-फिरने में सुविधा के लिए वॉकर प्रदान किया गया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक विशेष आवश्यकता वाले बच्चे को उसकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण एवं शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराकर उसे समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि वॉकर जैसे सहायक उपकरण बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने, दैनिक गतिविधियों को सरल बनाने और शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने अयांश के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में बीआरसी समन्वयक संतोष सोनी, फिजियोथेरेपिस्ट प्राची पीटर्स, स्पेशल एजुकेटर राजेन्द्र साहू, बीआरपी प्रवीण कुमार चौधरी एवं अजय जोशी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह पहल विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के समावेशी विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शिक्षा विभाग के संवेदनशील प्रयासों का उदाहरण है।
















