
भारी बारिश के बीच 26 सितंबर को स्कूलों में अवकाश, कलेक्टर विजय दया राम के.ने दिए सख्त निर्देश
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर 26 सितंबर को प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
घोषित अवकाश का जिले में प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने के लिए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही कलेक्टर ने जिले के सभी संबंधित विद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 26 सितंबर को विद्यालयों का संचालन न किया जाए और घोषित अवकाश का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।

लगातार बारिश के मद्देनजर प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन ने संबंधित शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा है।
















