
खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत परिवहन पर शिकंजा, 9 वाहन जब्त
मरवाही से लेकर कोटमी और नगरसैनिक लाइन तक कार्रवाई, वाहन मालिकों पर खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए रेत से भरे 9 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है। सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न स्थानों पर रखा गया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रेत परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

मरवाही क्षेत्र में 5 ट्रैक्टर जब्त
खनिज विभाग के अनुसार, मरवाही क्षेत्र के चीचगोहना, मड़वाही, कुम्हारी और मरहीघाट से रेत से भरे 5 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ मरवाही थाना में रखा गया है। वहीं, अमेराटिकरा और मौहारिटिकरा से एक-एक रेत से भरे ट्रैक्टर को जब्त कर कोटमी चौकी में रखा गया है। इसके अलावा खंता-लालपुर क्षेत्र से एक ट्रैक्टर वाहन जब्त कर नगरसैनिक लाइन में सुरक्षार्थ रखा गया है।

खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
विभाग ने जब्त किए गए सभी वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है। विभाग के मुताबिक, निर्धारित अर्थदंड अथवा समझौता राशि खनिज मद में जमा कराए जाने के बाद ही नियमानुसार वाहनों को मुक्त किया जाएगा।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर गुणवत्तापूर्ण जांच के निर्देश
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच कर उनका नियमानुसार निराकरण किया जाए। खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन एवं परिवहन से संबंधित मामलों में निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
कार्रवाई में ये अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, खनि सिपाही शिवकुमार लहरे और नगर सैनिक छवि ओट्टी शामिल रहे।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।















