
संकुल केंद्र सधवानी में सेवानिवृत्त प्रधान पाठक अर्जुमंद बानो को भावभीनी विदाई, तीन शिक्षकों का सम्मान
गौरेला। विकासखंड गौरेला के संकुल केंद्र सधवानी में प्रधान पाठक प्राथमिक शाला बग्गा भर्रा श्रीमती अर्जुमंद बानो के सेवानिवृत्त होने पर विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य, पूर्व एवं वर्तमान संकुल समन्वयक सहित संकुल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्रीमती अर्जुमंद बानो को संकुल परिवार की ओर से श्रीफल, स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंटकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। उपस्थित शिक्षकों ने उनके सेवाकाल के योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तीन शिक्षकों को मिला संकुल स्तरीय सम्मान

कार्यक्रम में पहली बार नवाचार करते हुए शिक्षक दिवस के अवसर पर संकुल स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए प्राथमिक शाला कसाईबहरा के केसरी नंदन गंधर्व, प्राथमिक विद्यालय नवापारा सधवानी के रावल प्रताप सिंह तथा माध्यमिक विद्यालय नवापारा सधवानी के होमेश कुमार राठौर को सम्मान प्रदान किया गया।
संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक ने कहा कि इस प्रकार के नवाचार से शिक्षकों में बेहतर एवं उत्कृष्ट कार्य करने की भावना को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने बताया कि हर वर्ष संकुल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन शिक्षकों को संकुल स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य परमानंद टंडन, भूतपूर्व संकुल समन्वयक शिव प्रसाद मिश्रा, वर्तमान संकुल समन्वयक माखनलाल सोनवानी सहित संकुल केंद्र सधवानी के समस्त स्टाफ की गरिमामय उपस्थिति रही।















